Ankita Murder Case : अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम उजागर करने का दावा करने वाली उर्मिला सनावर के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड कथित तौर पर एक राष्ट्रीय नेता का नाम के खुलासे का दावा करने वाली उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। उर्मिला सनावर के खिलाफ ज्वालापुर, रानीपुर, झबरेड़ा और बहादराबाद थानों में चार मुकदमे हैं। धोखाधड़ी, मानहानि, भ्रामक सूचना फैलाने के साथ सोशल मीडिया के जरिये अशांति फैलाने जैसे आरोप में रानीपुर कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे में कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी हो चुका है, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हरिद्वार में दर्ज कई गंभीर मुकदमों के बाद अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ एसटीएफ को भी सक्रिय कर दिया गया है। इन मामलों की गंभीरता को देख हरिद्वार पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है, जो इसकी जांच कर रही है। उर्मिला की तलाश में पुलिस और एसटीएफ कई राज्यों में दबिश दे रही है।