Fire In Cricketers’ Car:क्रिकेटरों की चलती कार में आग लगने की बड़ी घटना से उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। ये घटना रविवार शाम देहरादून में रिस्पना पुल के पास घटी। नेहरू थाने के एसओ संजीत कुमार के मुताबिक करीब पौने छह बजे एक कार में रिस्पना पुल के पास तकनीकी कारणों से आग लग गई थी। उस कार में हल्द्वानी निवासी पांच क्रिकेटर सवार थे। आग लगते ही पांचों क्रिकेटरों ने कूदकर जान बचाई। देखते ही देखते उनकी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। क्रिकेट कोच दान सिंह कन्याल के मुताबिक पांचों खिलाड़ी देहरादून क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित अंडर 23 क्रिकेट मैच खेलने के लिए नैनीताल जिले की तरफ से गए हैं। जब वह रेड लाइट पर रुके तो उनकी कार के पिछले हिस्से में आग लग गई। इसकी जानकारी वहां खड़े एक ठेला चालक ने उन्हें दी। इसके बाद कार में सवार पांचों क्रिकेटर बाहर निकले और तुरंत कार से किट बैग (बेट, ग्लव्स, हेलमेट, पेड रखने वाला बैग) को बाहर निकाला। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।