
Petroleum Crisis : इंडेन का गैस बुकिंग टॉल फ्री नंबर बंद हो गया है। टॉल फ्री नंबर में खराबी के कारण आज उत्तराखंड के विभिन्न इलाकों में गैस आपूर्ति बुरी तरह से लड़खड़ा गई है। आज अल्मोड़ा सहित उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों में आईओसी का टॉल फ्री नंबर खराब रहा। बता दें कि इन दिनों ईरान-अमेरिका-इजराइयल युद्ध के चलते गैस और तेल सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। राज्य भर में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। इधर,अल्मोड़ा जिले में भी गैस की किल्लत होने लगी है। आज सुबह जब लोगों ने गैस बुकिंग के लिए टॉल फ्री नंबर पर कॉल करने शुरू किए तो नंबर खराब और व्यस्त आ रहा था। तमाम कोशिशों के बाद भी टॉल फ्री नंबर पर कॉल नहीं लग रही थी। कॉल लगने पर इंडेन की ओर से उपभोक्ताओं को एसएमएस नहीं भेजे जा रहे थे। इसके चलते लोग परेशान रहे। एजेंसी संचालकों ने एस्मा लागू होने और आला अधिकारियों के सख्त निर्देशों का हलावा देते हुए बगैर डीएसी के गैस सिलेंडर देने से साफ मना कर दिया। इससे तमाम उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा। इससे लोगों में गुस्सा भी देखने को मिला। इधर, जिला खाद्यपूर्ति अधिकारी करुणा पंत के मुताबिक आज अल्मोड़ा ही नहीं अन्य जिलों में भी टॉल फ्री नंबर खराब होने की शिकायत मिल रही है। उन्होंने बताया कि एस्मा लागू होने के कारण डीएसी बगैर गैस डिलीवरी किसी भी हाल में नहीं की जा सकती है।