
Deathbed Statement : दवा के नाम पर बीमार पत्नी को सल्फास पिलाकर मौत के घाट उतारने का मामला सामने आने से हरिद्वार के बहादराबाद में सनसनी फैली हुई है। मंगरुबपुर दीदाहेड़ी निवासी अनीश ने तहरीर में बताया कि उसकी बहन हसरूबा की शादी 20 साल पहले मिर्जापुर मुस्तफाबाद निवासी अफजाल से हुई थी। शादी के बाद से ही अफजाल अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा था। हसरूबा ने मायके वालों को कई बार इसकी सूचना दी थी। तमाम समझाने पर भी अफजाल पर कोई असर नहीं पड़ रहा था। तनाव में आने के कारण पिछले एक साल से हसरूबा की सेहत बिगड़ने लगी थी। वह पिछले एक साल से बीमारी से ग्रसित चल रही थी। बावजूद इसके अफजाल उसे आए दिन परेशान करता रहता था। बीते 24 जनवरी को अफजाल ने बीमार पत्नी को दवा के नाम पर सल्फास की दो गोलियां खिला दीं थी। इससे उसकी पत्नी तड़पने लगी थी। इस पर हसरूबा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी तबीयत और बिगड़ने लगी थी। उसके बाद चिकित्सकों ने उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान हसरूबा की मौत हो गई। मौत से ठीक पहले उसने तहसीलदार के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे। उसने मरने से पहले आरोप लगाया था कि उसके पति ने उसे दवा के नाम पर सल्फास पिलाया है।