Politician-Actress Controversy:अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ एक बार फिर से मोर्चा खोल दिया है। बता दें कि सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। कुछ माह पूर्व ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। उसके बाद हंगामा मचने पर उन्होंने इसका खंडन कर दिया था। कहा जाता है कि दोनों के बीच चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। ये भी चर्चाएं थी कि उन्होंने डेढ़ साल पहले नेपाल में गंर्धव विवाह किया था। हो हल्ला मचने के बाद इसी साल जून में ही सुरेश राठौर ने उर्मिला को पत्नी के रूप में स्वीकार करने का दावा किया था। उसके बाद राठौर पलट गए थे। दरअसल, उनकी एक शादी पूर्व में ही है। दो दिन पूर्व राठौर ने दावा किया था कि उनकी केवल एक ही पत्नी है। इस पर उर्मिला ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को उर्मिला ने सोशल मीडिया में एक वीडियो पोस्ट कर सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि सुरेश राठौर पिछले चार साल से उनका शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहे हैं। अब उन्हें पहचानने से इनकार कर रहे हैं, जबकि कई मौकों पर उन्होंने रिश्ते की पुष्टि की थी।