हत्याकांड की जानकारी मिलते ही एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने तत्काल सांगड़ साहू गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। फॉरेंसिक यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई थी। हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने के लिए एएसपी हरबन्स सिंह और सीओ अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी प्रभारी एसओजी, थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक, थानाध्यक्ष धौलछीना सुनील सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। साथ ही एसओजी भी इस काम पर लगाई गई थी। खुलासे के लिए टीमों ने हल्द्वानी तक करीब 400 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। करीब 100 संदिग्धों से पूछताछ कर जानकारियां जुटाई।