
New Leave Policy : राज्य के स्कूलों में अब सर्दियों और गर्मियों के दीर्घकालीन अवकाश अब समान हो जाएंगे। बता दें कि उत्तराखंड में अभी तक गर्मियों और सर्दियों की छुट्टियों के दिन भौगोलिक स्थितियों के अनुसार से तय थे। अब सभी स्कूलों में गर्मी-सर्दी में 16-16 दिन की छुट्टी रहेगी। अभी 5000 मीटर से ज्यादा ऊंचे इलाके के स्कूलों में सर्दी में 37 दिन व गर्मी में 11 दिन छुट्टी होती है। निचले इलाकों में गर्मियों में 35 जबकि सर्दियों में 13 दिन की छुट्टी होती है। अब सभी स्कूलों में गर्मियों का दीर्घकालीन अवकाश 15 से 30 जून और सर्दियों का एक जनवरी से 16 जनवरी तक होंगी। इससे 48 दिन के दीर्घकालीन अवकाश में 16 दिन कम हो जाएंगे और सिर्फ 32 दिन ही छुट्टी रहेगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती के मुताबिक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत नए टाइम टेबिल के अनुसार स्कूलों में सालभर में 200 दिन पढ़ाई होगी। अभी पढ़ाई के लिए 184 दिन ही मिल रहे हैं। जिलों से सुझाव मांगे हैं, इसके बाद ही प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इधर, इस प्रस्ताव का विरोध भी हो रहा है।