
अवैध खनन का एक ऑडियो वायरल होने पर हरिद्वार के एसएसपी ने झबरेड़ा की इकबालपुर चौकी प्रभारी सहित पूरे पुलिस स्टाफ को सस्पेंड किया है। वायरल ऑडियो में कथित रूप से अवैध खनन से जुड़े लेन-देन और चौकी प्रभारी से संपर्क की बातचीत सामने आई थी। मामला सामने आने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हर पहलुओं की गंभीरता से जांच करने के सख्त निर्देश दिए थे। एसएसपी भुल्लर ने प्राथमिक जांच के आधार पर इकबालपुर चौकी प्रभारी नवीन चौहान, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, कांस्टेबल हरेंद्र, विपिन कुमार, देवेश सिंह और प्रदीप सहित पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई है।