Elevated Road :उत्तराखंड में हल्द्वानी से हरिद्वार तक एलिवेटेड रोड को मंजूरी मिल गई है। ये रोड कुमाऊं के लिए बड़ी राहत और विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट के मुताबिक, हल्द्वानी से हरिद्वार तक एलिवेटेड रोड निर्माण की प्रक्रिया को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण विभाग की मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा लालकुआं में बाईपास निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सांसद के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने हल्द्वानी-हरिद्वार एलिवेटेड रोड के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। डीपीआर तैयार होते ही परियोजना के निर्माण को टेंडर आमंत्रित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड बनने के बाद हल्द्वानी से हरिद्वार का सफर दो से ढाई घंटे में आसानी से पूरा हो जाएगा। ये एलिवेटेड सड़क न केवल कुमाऊं के लोगों बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों के लिए भी सुविधा बढ़ाएगा।