
Western Disturbance Active : मौसम आज से फिर तेवर दिखाने वाला है। आसमान आज सुबह से ही बादलों से ढका हुआ है। ठंडी हवाएं कंपकपी पैदा कर रही हैं। बता दें कि उत्तराखंड में पिछले एक सप्ताह से मौसम सुहावना बना हुआ था। दिन में चटख धूप लोगों को काफी हद तक राहत दे रही थी। हालांकि मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा गलन बढ़ा रहा था। इधर, पहाड़ी इलाकों में सुबह के वक्त पाले से ठंड में बढ़ोत्तरी हो रही थी। लेकिन दिन में गुनगुनी धूप के कारण ठंड का असर कम हो रहा था। इधर, राज्य में आज मौसम तल्ख बना हुआ है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण आज से उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक आज और कल चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ जिले में कुछ स्थानों जबकि देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व अल्मोड़ा जिले में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। आज राज्य में तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ पड़ने की भी संभावना है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, हरिद्वार और यूएस नगर जिले में कोहरे के आसार हैं।