
Security Breach : सैन्य क्षेत्र के सप्लाई डिपो में संदिग्धों की घुसपैठ से हड़कंप मचा हुआ है। ये मामला देहरादून के सैन्य क्षेत्र गढ़ी कैंट स्थित 447 सप्लाई डिपो का है। यहां तीन संदिग्ध दीवार फांदकर घुस गए। सैन्य कर्मियों ने घेराबंदी कर एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी जंगल के रास्ते फरार होने में कामयाब रहे। सेना की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। 447 सप्लाई डिपो के प्रशासनिक अधिकारी कैप्टन अवधेश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 22 जनवरी की दोपहर करीब ढाई बजे डिपो के कर्मचारी दिनेश नेगी ने तीन लोगों को जंगल की ओर से दीवार फांदकर यूनिट परिसर में घुसते देखा। सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों और कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संदीपिका खरा को दी गई। सूचना मिलते ही छह जवानों की टीम को घुसपैठियों को पकड़ने के लिए भेजा गया। सैन्य कर्मियों को देख तीनों संदिग्ध भागने लगे। जवानों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया गया।