Weather Alert : मौसम तेवर दिखाने को आतुर है। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण बारिश तरबतर करने वाली है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण सूखे के हालात पैदा हो गए हैं। हवा में नमी की कमी और बारिश नहीं होने के कारण राज्य में शीतकाल में भी वनाग्नि की घटनाएं रिकॉर्ड तोड़ रही हैं। पहाड़ में चारों ओर जंगल धधक रहे हैं। बारिश नहीं होने के कारण पहाड़ में जमकर पाला गिर रहा है। इससे समूचा पहाड़ ठंड से ठिठुर रहा है। वहीं दूसरी ओर राज्य के हरिद्वार, यूएस नगर, पौड़ी, देहरादून, चम्पावत और नैनीताल के मैदानी इलाके घुप कोहरे के आगोश में समाए हुए हैं। इसी बीच आज मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट आने वाले दिनों में सुकून के संकेत दे रही है। आईएमडी के अनुसार उत्तराखंड में कल यानी शुकवार से मौसम करवट बदल सकता है। आईएमडी ने 16 से 21 जनवरी तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही राज्य में 32 सौ मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कल से एक हफ्ते तक बर्फबारी की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग ने आज और कल यूएस नगर एवं हरिद्वार जिले में अत्यंत घने कोहरे का ऑरेज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक राज्य के मैदानी इलाकों में 19 जनवरी तक घना कोहरा छाया रहेगा। बारिश और बर्फबारी से आने वाले दिनों में ठंड में और भी बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।