Good News:दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर जल्द ही रफ्तार देखने को मिलेगी। इस एक्सप्रेस-वे का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस समय इस हाईवे के सौंदर्यीकरण के कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। एक्सप्रेस-वे के एलिवेटेड सेक्शन पर इन दिनों 15 दिवसीय ट्रायल रन चल रहा है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह के मुताबिक दून में आशारोड़ी से गणेशपुर तक काम लगभग पूरा हो चुका है। डाटकाली में यूटर्न बनाया जा रहा है। यह काम भी 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अगले 10-15 दिन में शेष कार्य पूरे हो जाएंगे। इधर, सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दिल्ली से देहरादून तक सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे को जनवरी से खोलने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि इस परियोजना के विधिवत उदघाटन के लिए पीएम मोदी से समय मांगा जा रहा है। उधर, एनएचएआई ने दिल्ली की सीमा में डिवाइडर पर टूटी एंटी ग्लेयर स्क्रीन की जगह नई लगाने का काम शुरू कर दिया है।