Ankita Bhandari Murder Case : भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को दिल्ली हाईकोर्ट से आज बड़ी राहत मिली है। बता दें कि चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने बीते दिनों सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सियासी भूचाल खड़ा कर दिया था। हत्याकांड में भाजपा नेता दुष्यंत गौतम का नाम घसीटा गया था। उर्मिला उर्मिला ने दावा किया था कि वनंतरा रिजॉर्ट में कार्यरत अंकिता भंडारी को वीआईपी को एक्स्ट्रा सर्विस देने का दबाव डाला गया था। इनकार करने पर अंकिता की हत्या कर दी गई थी। मामले में दुष्यंत गौतम का नाम आने से सियासी हंगामा खड़ा हो गया था। राज्य भर में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन चल रहे हैं। इस मामले में दुष्यंत गौतम ने दिल्ली हाईकोर्ट में रिट दायर करते हुए देहरादून में मुकदमा भी दर्ज कराया था। आज दिल्ली उच्च न्यायालय में इस मामले की सुनवाई हुई। दुष्यंत गौतम की ओर से उनके अधिवक्ता गौरव भाटिया हाईकोर्ट में पेश हुए । गौरव भाटिया के मुताबिक, सोशल मीडिया में पोस्ट कर याचिकाकर्ता की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इनमें राजनैतिक पार्टियों के सोशल मीडिया एकाउंट भी शामिल हैं। हाईकोर्ट ने कहा कि गौतम के नाम से वीडियो और कंटेंट 24 घंटे के भीतर सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटाएं। यदि 24 घंटे के भीतर ये पोस्ट नहीं हटाई गईं तो इसकी सूचना याचिकाकर्ता को दें। उसके बाद याचिकाकर्ता इस संबंध में जरूरी कदम उठा सकते हैं।