Ankita Murder Case : अंकिता भंडारी हत्याकांड में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया में किए गए दावों से हंगामा मचा हुआ है। राज्य भर में कांग्रेस और सामाजिक संगठन भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जगह-जगह कैंडल मार्च निकाले जा रहे हैं। हजारों की भीड़ प्रदर्शन में शामिल हो रही है। दरअसल, उर्मिला ने अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम का दावा किया है। उर्मिला के दावों से भाजपा में भी हड़कंप मचा हुआ है। भाजपा इसे पार्टी के खिलाफ साजिश बता रही है। हवाला दिया जा रहा है कि अंकिता के तीनों हत्यारों को कोर्ट उम्रकैद की सजा सुना चुकी है। बावजूद इसके सोशल मीडिया के जरिए भ्रम फैलाकर भाजपा की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने पुलिस को तहरीर सौंपी। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक दुष्यंत गौतम ने तहरीर में कहा है कि ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने योजनाबद्ध तरीके से उनके खिलाफ मोर्चा खोला। सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक, मनगढ़ंत और आपत्तिजनक ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए गए, जिनमें उनका नाम अंकिता हत्याकांड से जोड़ा जा रहा है। आरोप लगाया कि यह न केवल उनकी, बल्कि भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि खराब करने की एक सुनियोजित साजिश है।