
Delhi-Dehradun Expressway : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण पीएम नरेंद्र मोदी अगले महीने कर सकते हैं। पीएम के संभावित दौरे को देखते हुए देहरादून में शासन स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि उच्च स्तर से पीएम मोदी के दौरे के अनौपचारिक संकेत मिलने के बाद सरकारी मशीनरी हरकत में आ गई है। पीएम नरेंद्र मोदी एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के दौरान देहरादून में जनसभा भी कर सकते हैं। बता दें कि 210 किमी बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेसवे का निर्माण 11,970 करोड़ की लागत से हुआ है। यह एक्सप्रेसवे अब पूरी तरह से तैयार हो चुका है। कुछ माह पूर्व इस एक्सप्रेसवे पर ट्रायल रन भी हो चुका है, जोकि सफल रहा था। अब देहरादून से इसके लोकार्पण की तैयारी तेज हो चुकी है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी 13 या फिर 22 अप्रैल को उत्तराखंड पहुंच सकते हैं। 13 अप्रैल को वैशाखी जबकि 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त तय हुआ है।