
Weather Alert : मौसम आज शाम से करवट बदलने वाला है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को आज से अगले सात दिन तक राहत मिल सकती है। बता दें कि उत्तराखंड में पिछले तीन माह से बारिश नहीं होने से सूखी ठंड लोगों को बेहाल कर रही है। पहाड़ों में पाला और मैदानी इलाकों में कोहरा लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। इधर, आईएमडी के मुताबिक राज्य में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। आज शाम से राज्य में मौसम करवट बदल सकता है। आईएमडी ने आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और हरिद्वार जिले के कुछ स्थानों पर बारिश जबकि प्रदेश में 28 सौ मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी ने कल यानी 23 जनवरी को पर्वतीय जिलों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम जबकि मैदानी जिलों में अनेकों स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए शासन और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
Source link