Crime News : विधायक के बेटे पर जानलेवा हमला होने से पुलिस में भी खलबली मची हुई है। ये सनसनीखेज घटना रविवार रात उत्तराखंड के यूएस नगर जिले के रुद्रपुर में घटी है। किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र पार्षद सौरभ बेहड़ को रविवार शाम ट्रांजिट कैंप थाने से पंचायत के लिए फोन आया था। इस पर सौरभ थाने की ओर रवाना हो गए थे। इसी दौरान घर से करीब सौ मीटर दूरी पर स्कूटी सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार उन्हें सड़क पर गिरा दिया था। उसके बाद हमलावरों ने एकराय होकर सौरभ पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। मारपीट में सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। मौका पाकर आरोपी अपनी स्कूटी से फरार हो गए थे। लोगों ने गंभीर रूप से घायल सौरभ बेहड़ को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सूचना पर ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष मोहन पांडे भी पुलिस लेकर मौके पर पहुंच गए थे। जानकारी मिलते ही सौरभ के पिता विधायक बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, मेयर आदि भी अस्पताल पहुंचे। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के मुताबिक इस प्रकार की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। थाना प्रभारी को जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उधर, सीएम ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।