E-Detection System : कल यानी सोमवार से वाहन चालकों को सभी दस्तावेज साथ रखकर ही यात्रा करनी होगी। ओड़िसा, छत्तीसगढ़, बिहार और गुजरात के बाद अब कल से उत्तराखंड में भी ई-डिटेक्शन प्रणाली शुरू हो रही है। राज्य के बहादराबाद, भगवानपुर, लच्छीवाला, पट्टी, बनुषी, नगला, देवरिया यानी कुल सात टोल प्लाजा कल से ई-डिटेक्शन प्रणाली से लैस हो जाएंगे। फास्टैग से टोल कटते ही वाहन के नंबर के आधार पर परमिट, पंजीकरण, फिटनेस, प्रदूषण, बीमा और रोड टैक्स से जुड़े कागज ऑनलाइन स्कैन होंगे। पहले चरण में सिर्फ परमिट, बीमा और फिटनेस उल्लंघन के चालान कटेंगे। इधर, परिवहन सचिव शैलेश तिवारी के मुताबिक उत्तराखंड ई-डिटेक्शन प्रणाली शुरू करने वाला देश का पांचवां राज्य बन जाएगा। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा पर उन वाहनों को भी डिटेक्शन किया जाएगा जो 15 साल से अधिक पुराने हैं और उनके रजिस्ट्रेशन रिन्यू नहीं हुआ है। ऐसे वाहनों के भी ऑनलाइन चालान होंगे। लिहाजा कल से लोगों को वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज साथ रखने ही होंगे अन्यथा उन्हें भारी भरकम चालान भुगतना पड़ेगा।