High Alert In Haldwani:उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित वनभूलपुरा में रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बसे करीब 50 हजार लोगों के भविष्य का फैसला आज सुप्रीम कोर्ट में होना है। आरोप है कि इन लोगों ने रेलवे की 30 हेक्टेयर भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर उनमें मकान बना लिए हैं। वनभूलपुरा में मुस्लिम समुदाय की घनी आबादी निवास कर रही है। हाईकोर्ट पूर्व में प्रशासन को वनभूलपुरा से अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी कर चुका है। दूसरे पक्ष ने हाईकोर्ट के आदेश को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। इस मामले में आज सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना है। इसी को देखते हुए हल्द्वानी शहर को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। शहर में सैकड़ों की तादात में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बवाल की आशंका को देखते हुए अर्द्ध सैनिक बलों को भी यहां बुलाया जा रहा है। जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चल रहा है। कुछ ही देर बाद सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने की संभावना है।