
Dog Terror : 24 घंटे में 25 लोगों को काटने के मामले में एक संदिग्ध कुत्ते को हल्द्वानी नगर निगम की टीम ने पकड़ लिया है। हालांकि अभी यह कह पाना मुश्किल है कि यह वही कुत्ता है, जिसने 25 लोगों को काटा है। नगर निगम ने अजीब हरकतें और आक्रमकता को देखते हुए गुरुवार को एक संदिग्ध कुत्ते को पकड़ कर उसे निगरानी के लिए राजपुरा के एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर में बने बाड़े में रखा गया है। हल्द्वानी में लावारिस कुत्ते लगातार लोगों के लिए खतरा बन रहे हैं। वार्ड 48 मल्ली बमौरी में दो दिन में एक कुत्ते ने 25 लोगों को काट दिया था। इनमें से दो लोगों की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। गुरुवार सुबह आठ बजे टीम कुत्ते को पकड़ने के लिए वार्ड में फिर से पहुंची। 12 बजे तक चले अभियान के दौरान एक संदिग्ध कुत्ता मिलने पर टीम ने उसे पकड़कर राजपुरा एबीसी सेंटर में बने बाड़े में कैद कर दिया है। इससे पहले संदिग्ध कुत्ते को पकड़ने पहुंची निगम की टीम पर उसके साथियों ने हमला भी किया। टीम ने कुत्तों के उस झुंड पर बमुश्किल काबू पाया।