55 स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई, घरों में कैद हुए लोग  


Leopard Terror: नरभक्षी तेंदुए के आतंक के कारण कोरोनाकाल जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बता दें कि उत्तराखंड के पौड़ी जिले में तेंदुओं के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। बीते दिनों यहां पर तेंदुए ने दिन-दहाड़े एक व्यक्ति को मार डाला था। उसके बाद यहां पर गुस्साई भीड़ ने हंगामा काटा था। साथ ही आदमखोर तेंदुए को मारने की मांग भी उठाई थी। अब तक आदमखोर तेंदुआ मारा नहीं गया है। इससे पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है। शिक्षा विभाग ने गुलदार के भय से जिले के 55 स्कूल मंगलवार तक बंद रखने का निर्णय लिया है। हालांकि विभाग ने बच्चों की पढ़ाई को प्रभावित होने से बचाने के लिए स्कूलों को कक्षाएं ऑनलाइन संचालित करने के निर्देश दिए हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्वाली के पास गुलदार की सक्रियता बढ़ने से शिक्षा विभाग ने क्षेत्र के 55 स्कूल बंद करने का फैसला लिया। इसके तहत पौड़ी जिले के संकुल बाडा, चरधार, ढांढरी के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी स्कूल मंगलवार तक बंद करने के आदेश दिए गए हैं। बीईओ के मुताबिक बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से जारी रखा जाएगा। इधर, तेंदुए के भय से लोग शाम होने से पहले खुद को घरों में कैद कर रहे हैं। बाजारों में दिन ढलने से पहले ही सन्नाटा छा रहा है। लोगों का कहना है कि आदमखोर तेंदुए के कारण उन्हें साल 2020 में कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन जैसे हालातों का सामना करने को विवश होना पड़ रहा है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top