Delhi Blast:दिल्ली में लाल किले के पास बीते 10 नवंबर को आतंकियों ने एक आई-20 कार में फिदायीन हमला किया था। उस ब्लाट में करीब 12 लोगों की मौत हो गई थी और 25 घायल हो गए थे। इस भीषण आतंकी हमले से पूरा देश सहम गया था। मामले की जांच एनआईए, यूपी एटीएस सहित कई एजेंसियां कर रही हैं। इधर, जांच में दिल्ली धमाके में उत्तराखंड का कनेक्शन भी सामने आया है। देहरादून का एक डॉक्टर और पिथौरागढ़ की एक महिला धमाके के मास्टर माइंड आतंकी डॉ. उमर नबी के संपर्क में थे। डॉ. उमर की कॉल डिटेल खंगाली गई तो उसमें उत्तराखंड कनेक्शन मिला है। इसमें देहरादून के एक डॉक्टर और पिथौरागढ़ की एक महिला का नाम सामने आया। दोनों ने डॉ.उमर से संपर्क किया था। यह जानकारी यूपी एटीएस ने उत्तराखंड पुलिस से साझा की। इस पर उत्तराखंड इंटेलिजेंस, एसटीएफ ने उनकी तलाश शुरू की। इंटेलिजेंस डॉक्टर के देहरादून स्थित घर पहुंची तो पता चला कि वह स्थायी रूप से फरीदाबाद शिफ्ट हो चुके हैं। इसके बाद एक टीम फरीदाबाद भेजी गई तो पता चला दो साल पहले यहां आने के बाद उनका डॉ. उमर से संपर्क नहीं हुआ।