Cross-Border Crime:बांग्लादेशी नागरिक ममून को सचिन बनाकर देहरादून में एक महिला ने उससे शादी कर ली। रीना चौहान नाम की महिला ने ममून को अपने पूर्व पति का नाम दिया था। आरोपी देहरादून में रीना के साथ किराये पर रहने के साथ जाखन स्थित सर्किल क्लब में बाउंसर की नौकरी करने लगा। इस बीच पुलिस और खुफिया विभाग को इसकी भनक लग गई। गुरुवार रात आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया । दोनों का 11 महीने का एक बच्चा भी है। एसएसपी अजय सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में इसका खुलासा किया। एसएसपी के मुताबिक, 28 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक ममून हाल निवासी किरायेदार अलकनंदा एन्क्लेव फेस-दो थाना नेहरू कॉलोनी और उसकी साथ रह रही त्यूनी के ट्यूटार निवासी रीना चौहान को गिरफ्तार किया है। दोनों की मुलाकात 2019 में फेसबुक के जरिए हुई थी। रीना ने ममून के संपर्क में आकर अपने पति सचिन चौहान को तलाक दिए बिना छोड़ दिया। इसके बाद ममून हसन 2019, 2020 और 2021 में तीन बार टूरिस्ट वीजा पर भारत आया। ममून कोरोनाकाल में वीजा खत्म होने पर लौटा और वह अपने साथ रीना को भी ले गया था। साल 2022 में बांग्लादेश में दोनों ने निकाह कर लिया था।