सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल दौरे पर आज अफसरों को जरूरी दिशा निर्देश दिए है। सीएम ने बढ़ रहे ठंड को देखते हुए प्रदेशभर में रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही ठंड और शीतलहर से बचाव के लिए अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि रैन बसेरों में सभी उचित व्यवस्थाएं की जाए और जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए कंबल उपलब्ध कराए जाएं। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जिले में टीमों को सक्रिय रखते हुए शहरों, कस्बों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि असहाय व बेघर लोगों को समय पर राहत मुहैया कराई जा सके।