IMD’s Forecast:मौसम आज से करवट बदल सकता है। उत्तराखंड और यूपी सहित कई राज्यों में सर्दी का प्रचंड असर अब दिखने लगा है। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में भीषण ठंड पड़ रही है। यूएस नगर सहित अन्य मैदानी इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा ठिठुरन पैदा कर रहा है। राज्य के पहाड़ी इलाकों में सुबह के वक्त सड़क और खेत-खलिहान पाले की सफेद चादर ओढ़े नजर आ रहे हैं। पाले से सड़कों पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से पाले को गलाने के लिए चूने का छिड़काव कराया जा रहा है। दिन के वक्त खिल रही धूप कुछ हद तक राहत दे रही है, सुबह-शाम हाड़तोड़ ठंड पड़ रही है। इससे जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इधर, आईएमडी ने अगले दो दिन तक हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इससे उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में भीषण ठंड का असर देखने को मिलेगा।