अनुपमा हत्याकांड के बाद उसके जुड़वा बच्चों के मन में अपने पिता के प्रति जो कड़वाहट या दूरी पैदा हुई, यह हाईकोर्ट में उनकी गवाही से भी झलकती है। हाईकोर्ट की तरह राजेश गुलाटी को उसके बच्चों ने भी माफ नहीं किया है। अधिवक्ता मोहिंदर बिष्ट के मुताबिक एक बार राजेश और अनुपमा के जुड़वां बच्चे नैनीताल हाईकोर्ट में पेश हुए थे। जब हाईकोर्ट ने बच्चों से उनके पिता के परिवार के बारे में पूछा तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनको अपने पिता से कभी बात नहीं हुई। मामा सुजान के मुताबिक भांजा-भांजी की बुआ जो दिल्ली में रहती हैं, उनसे कभी-कभी फोन पर बात होती है। सुजान ने बताया कि पिछले साल और इस साल की गर्मियों की छुट्टियों में भांजा-भांजी उनके पास आकर रहे। पिछले साल खुद दोनों बच्चों को उनकी बुआ से मिलाने ले गए थे। सुजान के मुताबिक, अनुपमा के जीवित रहने के दौरान बुआ बच्चों से बहुत प्यार करती थीं। दोनों जुड़वा बच्चे यूएसए में स्नातक की पढ़ाई करते हैं।