Anger Over Power Cuts : अघोषित बिजली कटौती से जनता को परेशान देख विधायक आक्रोशित हो गए। ये मामला उत्तराखंड के रुड़की का है। दरअसल, इन दिनों राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। भारी ठंड के बीच समय-समय पर सुबह, दिन या रात में लोड बढ़ते ही घरों की बत्ती गुल हो रही है। भारी ठंड के बीच बिजली की आंख मिचौली लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है।इधर, झबरेड़ा क्षेत्र में भी बिजली कटौती से लोग बेहाल हो चुके हैं। इससे विधायक विरेंद्र जाती का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। मंगलवार को विधायक विरेंद्र अपने समर्थकों के साथ सीढ़ी और कटर लेकर रुड़की पहुंच गए। विधायक ने सबसे पहले बोट क्लब में अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत के सरकारी आवास पर पहुंच उनका बिजली कनेक्शन काट दिया। उसके बाद उन्होंने समर्थकों के साथ ईई विनोद पांडेय के आवास की बिजली काट दी। इतना ही नहीं उन्होंने मुख्य अभियंता अनुपम सिंह के घर की बत्ती भी गुल कर दी। बिजली कट होने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने विधायक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इधर, अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत के मुताबिक अधिकारियों के आवासों की बिजली काटना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि विधायक ऑफिस आकर अपनी नाराजगी जाहिर कर सकते थे।