Weather Forecast : मौसम आज से बरसने को तैयार है। आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए लोगों का इंतजार आज खत्म हो सकता है। उत्तराखंड में नवंबर से बारिश नहीं होने के कारण सूखे के हालात पैदा हो गए हैं। हालात ये हैं कि यहां के पहाड़ सर्दियों में भी तप रहे हैं। मसूरी, मुक्तेश्वर और नैनीताल जैसे हिल स्टेशनों पर तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस तक अधिक पहुंच गया है। दिसंबर और जनवरी में बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरने, बर्फ की कमी और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण ये हालात बने हैं। इसी बीच आईएमडी ने आज से अगले छह दिन के लिए गुड न्यूज दी है। आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण आज और कल उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज से 23 जनवरी तक राज्य में 34 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी के भी आसार व्यक्त किए हैं। बारिश और बर्फबारी से लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है। बारिश से पहाड़ में पेयजल स्रोत भी रिचार्ज हो सकते हैं।