
Ankita Bhandari Justice Yatra : अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय के लिए फिर से आवाज बुंलद हो गई है। बता दें कि साल 2022 में अंकिता भंडारी की भाजपा नेता के बेटे पुलकित आर्य ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। उन्होंने एक वीआईपी को स्पेशल सर्विस देने का दबाव अंकिता भंडारी पर डाला था। इनकार करने पर तीनों ने अंकिता भंडारी की हत्या कर उसका शव चीला नहर में ठिकाने लगा दिया था। हालांकि इस मामले में कोर्ट पुलकित सहित उसके दो साथियों को उम्रकैद की सजा सुना चुकी है। बीते दिनों अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया में किए गए दावों से राज्य में सियासी भूचाल आ गया था। वीआईपी के नाम के खुलासे को लेकर पूरे राज्य में आंदोलन शुरू हो गए थे। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मामले की जांच की सीबीआई से कराने की संस्तुति कर दी थी। बकायदा सीबीआई ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। लेकिन फिर भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। इसे लेकर आज देहरादून के परेड ग्राउंड में महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में अंकिता के माता-पिता, पूर्व सीएम हरीश रावत, सपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान सहित तमाम संगठनों ने भाग लिया। महापंचायत में भारी भीड़ रही।