
Roadways Travel Expensive : रोडवेज बसों का किराया सौ रुपये तक बढ़ा दिया गया है। दरअसल, इन दिनों धर्मनगरी हरिद्वार में शारदीय कांवड़ मेला चल रहा है। देश भर से लोग कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इसके कारण हरिद्वार में भारी भीड़ चल रही है। जाम और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए परिवहन निगम ने सोमवार से रोडवेज बसों का रूट डायवर्ट कर दिया है। हरिद्वार से कुमाऊं मंडल आने-जाने वाली बसों के रास्ते बदलने से यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है। अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर, नैनीताल और जसपुर के साथ ही नजीबाबाद, धामपुर और मुरादाबाद रूट पर भी किराया बढ़ा दिया गया है। रोडवेज ने रवानगी में प्रति सवारी 50 रुपये और वापसी में 100 रुपये तक इजाफा किया। हरिद्वार डिपो के एजीएम विशाल चंद्रा के मुताबिक, शारदीय कांवड़ मेले के चलते हरिद्वार से नजीबाबाद जाने वाली बसों को चिड़ियापुर से नहर किनारे वाले रास्ते से भेजा जा रहा। इस कारण प्रति सवारी 50 रुपये किराया बढ़ाया गया है। रोडवेज बसें धामपुर-बिजनौर और आंशिक रूप से मुजफ्फरनगर होकर आ रही हैं और 100 रुपये अतिरिक्त किराया लिया जा रहा है।