
BJP’s New Strategy : कांग्रेस या अन्य दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को अब कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। भाजपा ऐसे नेताओं को सनातन की ट्रेनिंग देगी। उन्हें राष्ट्रवाद, हिंदुत्व, कार्य संस्कृति आदि की ट्रेनिंग दी जाएगी। उसके बाद पार्टी इन नेताओं का इस्तेमाल आगामी विस चुनाव में विपक्ष के खिलाफ एक मजबूत हथियार के रूप में करेगी। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस व अन्य दलों को छोड़कर नेता भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा का दावा था कि ऐसे नेता और कार्यकर्ताओं की संख्या 20 हजार से अधिक थी। अब पार्टी ने इन्हें विपक्षी दलों के खिलाफ मजबूत हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का निर्णय लिया है। इन नेताओं के जरिए कांग्रेस व अन्य दलों के कार्यकर्ताओं को भाजपा की ओर आकर्षित किया जाएगा और उन्हें पार्टी से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इस नई रणनीति से भाजपा को 2027 चुनाव में काफी लाभ मिल सकता है। इधर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार के मुताबिक कांग्रेस सहित अन्य दलों से भाजपा में आए नेता और कार्यकर्ताओं को भाजपा के सिद्धांत और विचारों के प्रति जागरुक करने के लिए प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही इस संदर्भ में प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किया जा रहा है।