
Lunar Eclipse 2026 : आज लगने वाले चंद्रग्रहण पर आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान एवं शोध संस्थान (एरीज) के विज्ञानियों की पैनी नजर रहेगी। चंद्रग्रहण दोपहर 3:20 बजे शुरू होगा और सायं 6:47 बजे चंद्रमा ग्रहण से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा। वैज्ञानिकों के मुताबिक भारत के अधिकांश हिस्सों में यह ग्रहण आंशिक रूप में दिखाई देगा, जबकि जापान, ऑस्ट्रेलिया, फिजी, अलास्का और चीन में पूर्ण चंद्रग्रहण देखा जा सकेगा। एरीज की इस खगोली घटना पर नजर रहेगी। वैज्ञानिक इस पर अध्ययन करेंगे। एरीज विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र यादव के मुताबिक भारत में पूर्ण चंद्रग्रहण असम, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल तथा अंडमान-निकोबार में कुछ ही मिनटों के लिए दिखाई देगा। इसके बाद इन क्षेत्रों में भी आंशिक ग्रहण नजर आएगा। चंद्रग्रहण के समय भारत में दोपहर होगी। लिहाजा देश में चंद्रमा के उदय के बाद ही ग्रहण दिखाई देगा। उत्तर-पूर्वी भारत में चंद्रमा अपेक्षाकृत जल्दी उदय होने से वहां ग्रहण अधिक समय तक देखा जा सकेगा। ग्रहण का पूर्ण चरण सायं 5:03 बजे शुरू होकर 5:33 बजे तक रहेगा। इसके बाद पृथ्वी की छाया धीरे-धीरे चंद्रमा से हटनी शुरू होगी और सायं 6:47 बजे चंद्रग्रहण समाप्त हो जाएगा।