
Legends Cricket League 2026 : हाशिम अमला, दिलशान सहित तमाम दिग्गज क्रिकेटरों को बाउंसरों ने स्टेडियम में कैद कर दिया। ये घटना उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में घटी है। यहां पर इन दिनों लीजेंड्स क्रिकेट लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस लीग में सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक, इरफान पठान , एस. श्रीसंत जैसे दिग्गज भारतीय खिलाड़ियों के अलावा कार्लोस ब्रैथवेट, थिसारा परेरा, रॉस टेलर, मार्टिन गुप्टिल, हाशिम अमला, असगर अफगान और क्रिस गेल जैसे प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय सितारे खेल रहे हैं। सोमवार को लीजेंड्स क्रिकेट लीग में सदर्न सुपर स्टार्स और इंडिया कैप्टन्स के बीच हुए मुकाबले के बाद हंगामा हो गया। बाउंसरों ने तीन दिन का भुगतान नहीं होने पर मुख्य गेट में ताला जड़ दिया। इससे कई खिलाड़ी स्टेडियम के भीतर बसों में आधे घंटे फंसे रहे। इनमें दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, श्रीलंका के दिलशान मुनावीरा, जिम्बाब्वे के हैमिल्टन मसाकाद्ज़ा सहित शेल्डन जैक्सन, अजीत चंदिला, परविंदर अवाना सहित 20 खिलाड़ी, कोच व अन्य स्टाफ शामिल थे। इससे आयोजकों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आयोजकों के दो घंटे के भुगतान का आश्वासन देकर गेट खुलवाया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के मुताबिक मामले की जानकारी हासिल की जा रही है। इधर लीग के को-फाउंडर रमन रहेजा के मुताबिक भुगतान के कार्यों को देखने वाले मुख्य सुरक्षा अधिकारी सोमवार को हल्द्वानी से बाहर थे। इस वजह से भुगतान को लेकर दिक्कत आई। सभी का भुगतान किया जाएगा। किसी को घबराने की आवश्कता नहीं है।