
Major Operation : आधुनिक एआई की मदद से राज्य कर विभाग की टीम ने उत्तराखंड के सितारगंज की एक फैक्ट्री में 150 करोड़ रुपये की बिक्री छिपाने का मामला पकड़ा है। राज्य कर आयुक्त सोनिका के निर्देशन में हल्द्वानी संभाग के 32 अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों की तीन टीमों ने बीते बुधवार को दोपहर करीब तीन बजे सितारगंज स्थित कंपनी के कारखाने और कार्यालयों पर एक साथ छापेमारी की। करीब आठ घंटे तक टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान टीमों ने बिक्री, स्टॉक, वित्तीय लेनदेन और खरीद से संबंधित कई संदिग्ध दस्तावेज खंगाले। जांच पूरी होने तक 76 करोड़ रुपये के स्टॉक को सीज किया गया। पड़ताल में सामने आया कि कंपनी ने एनसीएलटी के माध्यम से डिमर्जर किया था। 6-7 महीनों से कंपनी पोर्टल पर शून्य बिक्री दिखा रही थी। बैंक ट्रांजेक्शन में करोड़ों का लेनदेन पकड़ा गया। कारखाने से भारी मात्रा में जाली बिक्री चालान बरामद होने से हड़कंप मच गया। कर विभाग की टीम ने कंपनी प्रबंधन से 20 करोड़ की वसूली की, जो बड़ा रिकॉर्ड है।