
Presidential Alert : मौसम के तल्ख तेवरों से लोग सहमे हुए हैं। आज सुबह से ही पूरे उत्तराखंड में झमाझम बारिश हो रही है। गुरुवार शाम से उत्तराखंड में बारिश का दौर शुरू हो गया था। आज सुबह बारिश से तेजी पकड़ ली थी। सुबह से समूचे राज्य में बारिश हो रही है। बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री आदि धामों में बर्फबारी हो रही है। बारिश के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त चल रहा है। तेज अंधड़ के कारण पेड़ गिरने से कई पर्वतीय इलाकों में बिजली की लाइनें ध्वस्त हो चुकी हैं। इसके कारण दिन से ही बिजली आपूर्ति बाधित चल रही है। बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के कारण ठंड में बेहद बढ़ोत्तरी हुई है। लोग अलाव और हीटर से राहत पाने में जुटे हुए हैं। इसी बीच आज शाम लोग मोबाइल फोन पर प्रेसिडेंसियल अलर्ट देख लोग चौक पड़े। प्रेसिडेंसियल अलर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों में बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चंपावत और उत्तरकाशी के कुछ इलाकों में बारिश और 3000 मीटर ऊंचाई तक के इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। पहली बार साइरन वाला अलर्ट मैसेज देख लोग अचंभित हैं। उसके बाद लोग उस मैसेज के स्क्रीन शॉर्ट सोशल मीडिया में भी पोस्ट करने लगे थे।