
Child Labor : छोटे-छोटे बच्चों से जंगल से लकड़ियां ढुलवाने का मामला सामने आने से हड़कंप मचा हुआ है। ये मामला हरिद्वार के बहादराबाद खंड के अजीतपुर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का है। यहां पर मिड-डे मील बनाने के लिए छोटे-छोटे बच्चों से लकड़ियां ढुलवाई गईं। इसी दौरान स्कूली ड्रेस में लकड़ियां ढोते हुए बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। देखते ही देखते वीडियो हजारों लोगों तक पहुंच गया था। मामला संज्ञान में आते ही प्रधानाध्यापिका सरस्वती चौहान को जिला शिक्षा अधिकारी ने अमित कुमार चंद ने निलंबित कर दिया। उन पर बाल श्रम, शारीरिक दंड और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप हैं। प्रशासन ने इसे बच्चों के अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन माना है। बता दें कि वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे सिर पर लकड़ियां ढोते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो मिड-डे मील पकाने के लिए एकत्रित की जा रही थीं। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी बच्चों से लकड़ियां ढुलवाई गई थी।