
Weather Alert : खराब मौसम के बीच आज पश्चिमी विक्षोभ फिर से असर दिखा सकता है। इधर, डीआरआई ने आज उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के तीन हजार मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए खतरे का स्तर-दो का एवलांच आने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिले में खतरे का स्तर-एक वाले एवलांच आने का खतरा जताया है। डीजीआरई ने लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर चल रहा है। इससे पहाड़ों में काफी बर्फ जमा हो चुकी है। इसके कारण अब पहाड़ों में एवलांच का खतरा मंडरा रहा है। इधर, आईएमडी ने आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक आज राज्य में 33 सौ मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में ये अजीब से बदलाव देखने को मिल रहा है। मार्च समाप्ति की ओर है, लेकिन अभी भी प्रदेश में ठंड बरकरार है। मौसम वैज्ञानिक इसे सीजन शिफ्टिंग भी मान रहे हैं।