Political Turmoil: अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झंकझोर दिया था। पहाड़ की बेटी 19 साल अंकिता भंडारी उत्तराखंड के पौड़ी जिले के वनंतरा रिजॉर्ट में एक रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। 8 सितंबर 2022 को अंकिता की हत्या कर उसका शव ऋषिकेश की चीला नहर में फेंक दिया गया था। शव बरामद होने के बाद उत्तराखंड में हंगामा मच गया था। इंसाफ की मांग पर पूरे प्रदेश में धरने और जुलूस निकलने लगे थे। पुलिस ने इस मामले में रिजॉर्ट स्वामी तत्कालीन भाजपा नेता विनोद आर्य के पुत्र पुलकित आर्य, सौरभ भाष्कर और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया था। इसी साल मई में कोर्ट ने तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बावजूद इसके अब तक उस वीआईपी का नाम उजागर नहीं हो पाया, जिसे रिजॉर्ट में स्पेशल सर्विस देने से मना करने पर अंकिता की निर्मम हत्या कर दी गई थी। तब से वह वीआईपी अबूझ पहेली बना हुआ था। इधर, कल रात भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर लाइव आकर दावा किया तो राज्य की सियासत में हंगामा मच गया था। उर्मिला सनावर ने दावा किया कि स्पेशल सर्विस वाला वह वीआईपी उन्हीं की पार्टी का बड़े स्तर का नेता है। उर्मिला सनावर ये भी दावा किया कि उनके पति सुरेश राठौर उस वीआईपी को गुट्टू नाम से भी संबोधित करते हैं। बता दें कि सुरेश राठौर को भाजपा पूर्व में ही पार्टी से निष्कासित कर चुकी है। सुरेश राठौर ने पूर्व में दावा किया था कि उर्मिला सनावर उनकी पत्नी है। हालांकि बाद में उन्होंने उर्मिला को पत्नी मानने से इनकार कर दिया था।