Protest : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट को आज चमोली में विरोध का सामना करना पड़ा। महेंद्र भट्ट आज जिला मुख्यालय गोपेश्वर में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इसकी भनक लगते ही तमाम कांग्रेसी और यूकेडी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड, मनरेगा सहित अन्य मुद्दों को लेकर महेंद्र भट्ट को काले झंडे दिखाते हुए जमकर नारेबाजी शुरू कर दी थी। गोपेश्वर डिग्री कॉलेज गेट पर उनका भारी विरोध हुआ। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई थी। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया था। साथ ही मौके पर अफरा-तफरी का भी माहौल पैदा हो गया था। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर नियंत्रण पाए। सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के शुभारंभ पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावनाओं के अनुसार खेलने का आह्वान भी किया।