उत्तराखंड में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की एआई से वीडियो बनाकर उनके खिलाफ दुष्प्रचार का मामला सामने आया है। गोदियाल ने कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर सोशल मीडिया पर उनके और पार्टी के खिलाफ किए जा रहे दुष्प्रचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक नगर, प्रमोद कुमार को एसएसपी के नाम संबोधित एक शिकायती पत्र सौंपा। गणेश गोदियाल ने बताया कि 27 दिसंबर को वसूली अभियान मोर्चा नामक फेसबुक अकाउंट से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऐप का दुरुपयोग कर एक फर्जी वीडियो और धर्म विशेष की पहचान वाली पोस्ट साझा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने की नियत से यह कृत्य किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी पुलिस मुख्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होगी।