अंकिता भंडारी प्रकरण में बीते 22 दिसंबर को अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने जब पहली बार सोशल मीडिया में एक पोस्ट की तो पूरे राज्य में हंगामा मच गया था। तब उन्होंने सोशल मीडिया पर ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की। इसके बाद पूरे राज्य में अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग होने लगी। उर्मिला ने जो ऑडियो वायरल किए उसे लेकर खुद दावा किया कि यह बातचीत उनकी और भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बीच हुई है। हालांकि सुरेश राठौर ने 23 दिसंबर को खुद सामने आकर इन्हें एआई निर्मित ऑडियो करार देकर खुद को अलग करने की कोशिश की। उर्मिला यहीं नहीं रुकी और वह लगातार ऐसे वीडियो जारी करती रही, जिसमें ऐसी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी शामिल थे, जिनमें अंकिता हत्याकांड को लेकर न सिर्फ बात की जा रही थी, बल्कि अंकिता भंडारी केस में लगातार उठ रहे वीआईपी के सवाल को फिर से सामने ला दिया।