Order Issued:उपनल-आउटसोर्स कर्मियों को अब समान काम के लिए समान वेतन मिलेगा। दरअसल, उत्तराखंड में समान कार्य, समान वेतन की मांग को लेकर उपनल कर्मियों का 16 दिन से आंदोलन चल रहा था। हाईकोर्ट भी सरकार को उपनल कर्मियों को समान वेतन देने के आदेश जारी कर चुकी है। हाईकोर्ट ने सरकार को आदेश दिए हैं कि दिसंबर से उपनल कर्मियों को समान वेतन देना सुनिश्चित करें। बावजूद इसके उपनल कर्मियों की मांग पूरी नहीं हो रही थी। आक्रोशित उपनल कर्मी लगातार आंदोलन पर बैठे हुए थे। इसी को लेकर मंगलवार शाम सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में समिति की बैठक बुलाई गई थी। तय हुआ कि पहले चरण में 12 साल या उससे अधिक समय से उपनल के जरिए विभागों में सेवाएं दे रहे कर्मियों को समान वेतन दिया जाएगा। देर शाम सैनिक कल्याण सचिव दीपेंद्र चौधरी की ओर से इसका आदेश जारी होने के बाद उपनल कर्मचारी महासंघ ने 16 दिन से चल रहे आंदोलन को स्थगित कर दिया। कर्मचारी आज से अपने विभागों में काम पर लौटेंगे।