Crime News:आग की चपेट में आने से युवक की जिंदा जलकर मौत के बाद उत्तराखंड के रुड़की में बवाल हो गया। रुड़की के पश्चिमी अंबर तालाब निवासी रजनीश पुंडीर के मकान में बीडी-सिगरेट का गोदाम है। वह और उनका बड़ा बेटा 24 वर्षीय कुणाल पुंडीर इसी घर पर रहते थे। कुणाल पेशे से डिजाइन इंजीनियर था। रजनीश पुंडीर का लंबे समय से अपनी पत्नी सुधा से विवाद चल रहा है। बड़ा बेटा कुणाल अपने पापा जबकि छोटा बेटा मां के साथ रहता है। बुधवार रात रजनीश गोदाम वाले मकान में बाहर के कमरे में सोए थे। कुणाल अंदर था। रजनीश ने पुलिस को बताया कि रात करीब दो बजे अचानक आग की लपटों में घिरा कुणाल चिल्लाता हुआ बाहर आया। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कुणाल जिंदा जल चुका था। सूचना पर कुणाल के मामा सोनू देवबंद से अंतिम संस्कार में पहुंचा था। श्मशान घाट में सोनू अपने भांजे की संदिग्ध मौत पर सवाल उठाने लगा। इसे लेकर मृतक कुणाल के चाचा नमन और आशीष का उनसे भयंकर विवाद हो गया। इस पर नमन और आशीष से सरेआम चाकूओं से गला रेतकर और सीने में ताबड़तोड़ प्रहार कर सोनू को मौत के घाट उतार दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। गंगनहर कोतवाली इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी के मुताबिक मृतक सोनू की पत्नी की तहरीर पर नमन और आशीष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।