
Strictness On Officers : ठेकेदारों के अफसर दोस्तों से सरकार करीब 252 करोड़ रुपये वसूलने जा रही है। कई अफसरों पर इसकी गाज गिर सकती है। गैरसैंण विधानसभा में मंगलवार को सरकार की ओर से महालेखापरीक्षक की रिपोर्ट पेश की गई। मार्च 2022 की अवधि की इस रिपोर्ट में सरकारी विभागों और अधिकारियों की ओर से बरती जा रही कई लापरवाहियों का खुलासा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य में लोनिवि, सिंचाई और ग्रामीण निर्माण विभाग की ओर से कराए जाने वाले कार्यों में उप खनिजों के उपयोग पर रायल्टी ठीक से नहीं वसूली जा रही है। नियमों के तहत पांच प्रतिशत की दर से रॉयल्टी वसूली जानी चाहिए थी। लेकिन अधिकारियों ने इसे सिर्फ एक प्रतिशत की दर से वसूला जिससे राज्य को 252 करोड़ का नुकसान पहुंचा है। इसे अफसर और ठेकेदारों के गठजोड़ के रूप में भी देखा जा रहा है। रिपोर्ट में सभी जिलों के डीएम और संबंधित विभागों के आला अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया गया है।