
Attack On Drugs : स्पेशल टास्क फोर्स ने नशे पर करारा प्रहार किया है। एसटीएफ ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आज यूएस नगर जिले के किच्छा में तीन करोड़ दस लाख कीमत की हेरोइन बरामद की है। एसटीएफ को लंबे समय से किच्छा में हेरोइन तस्करी का इनपुट मिल रहा था। उसके बाद से एसटीएफ ने तस्करी के भंडाफोड़ के लिए जाल बिछाना शुरू कर दिया था। इसके लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सर्विलांस का भी सहारा लेना शुरू कर दिया था। पूरी रणनीति के साथ आज एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए आरोपी सहनवाज उर्फ मामू निवासी बरेली को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की। बरामद हेरोइन की कीमत करब 3 करोड़ 10 लाख रुपए आंकी जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ये हेरोइन बरेली निवासी भैया नाम के व्यक्ति से खरीदी थी। उसे ये हेरोइन हरजिंदर को देनी थी,लेकिन उससे पहले ही आरोपी एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया।