Illness From Pollution:दिल्ली से लेकर तमाम शहरों तक इन दिनों प्रदूषण गंभीर समस्या बनता जा रहा है। इधर, देहरादून में बढ़ता प्रदूषण खतनाक साबित होने लगा है। प्रदूषण और एलर्जी की वजह से युवाओं को नाक और साइनस की गंभीर बीमारी क्रॉनिक राइनो साइनोसाइटिस जकड़ रही है। नाक बंद, साइनस में सूजन और चारों तरफ बलगम जमा होने से युवा बेहाल हैं। दून मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग की पीजी चिकित्सक डॉ. आशना पंत के हालिया शोध में यह चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। शोध में क्रॉनिक राइनो साइनोसाइटिस की जद में आने वाले 18 से 60 वर्ष के 162 मरीजों की कई तरह की जांच की गई। जांच में पाया गया कि 18-30 साल के युवा सबसे अधिक इस बीमारी से ग्रसित हैं। सिनोनेजल कैविटी (नाक और साइनस) की बीमारियों, उनकी गंभीरता और कारणों पर सितंबर 2023 से फरवरी 2025 तक गाइड एचओडी डॉ. भावना पंत, को गाइड डॉ. निधि नेगी, डॉ. नितिन शर्मा, डॉ. सुनीता सिंह के निर्देशन में यह शोध किया।