Anti-Cervical Cancer Vaccination : बेटियों को जल्द ही एंटी कैंसर वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरे उत्तराखंड में इस अभियान को चलाया जाएगा। नैनीताल जिले को 9480 एंटी सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन इसी माह मिलनी हैं। बेटियों को सिंगल डोज लगने वाली इस वैक्सीन को लेकर जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक हो चुकी है, जिसमें तैयारियों का जायजा लिया गया है। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण बनने वाले एचपीवी वायरस से मजबूत सुरक्षा प्रदान करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि 15 साल से कम उम्र में वैक्सीन लगवाना सर्वाधिक प्रभावी होता है, क्योंकि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रहती है और इससे सर्वाइकल कैंसर का जोखिम 90 फीसदी तक घट सकता है। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में तैयांरियां पूरी कर लीं हैं। पहले चरण में 14वां जन्मदिन मना चुकी और 15 वर्ष से कम उम्र की बेटियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन निशुल्क लगाई जाएगी। नैनीताल के जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा के मुताबिक, 14 वां जन्मदिन मना चुकीं लेकिन 15 वर्ष से कम उम्र की बेटियों को एंटी-सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन लगाने की तैयारी पूरी है। जिले को इसी माह 9,480 डोज मिलने हैं। मुख्यालय से वैक्सीन उपलब्ध होते ही टीकाकरण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।