
IMD Alert : मौसम आज शाम से तेवर दिखा सकता है। आज सुबह से ही राज्य के पर्वतीय इलाकों में आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ते-चढ़ते बादल और भी घने होने लगे थे। इसके चलते अन्य दिनों की तुलना में आज मौसम काफी ठंडा है। बता दें कि उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से मौसम साफ बना हुआ था। इसके चलते दिन के वक्त यहां पर अच्छी-खासी धूप खिलने लगी थी। इससे दिन के वक्त हल्की गर्मी का भी एहसास होने लगा था। इसी बीच आज मौसम ने फिर से करवट बदल ली है। आईएमडी के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते आज और कल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ व बागेश्वर जिले में बारिश की संभावना बन रही है। आईएमडी के मुताबिक 23-24 फरवरी को राज्य में तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। बारिश-बर्फबारी के बाद राज्य में ठंड में बढ़ोत्तरी के आसार हैं।