
CAG Revealed : मोटी पेंशन पाने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी भी सरकारी खजाने में डाका डाल रहे हैं। सीएजी के ऑडिट में उत्तराखंड में 1363 से ज्यादा पेंशनर धरे गए हैं। बताया जा रहा है कि सीएजी ने कुछ समय पूर्व ही समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं का ऑडिट किया था। इसमें विधवा और वृद्धावस्था पेंशन के ब्योरे का राज्य के सरकारी कर्मचारियों की पेंशन के डाटा के साथ मिलान किया गया। ऑडिट में पाया गया कि राज्य में कुल 1363 ऐसे लोग हैं जो विभागों से रिटायर होने के बाद मोटी पेंशन पा रहे हैं। साथ ही ये लोग समाज कल्याण की विधवा और वृद्धावस्था पेंशन पर भी डाका डाल रहे हैं। इसका आधार कार्ड सरकारी पेंशन के साथ ही समाज कल्याण की पेंशन के रिकॉर्ड में भी पकड़ा गया है। ये लोग लंबे समय से दो-दो पेंशन का लाभ उठाकर सरकार के खजाने में डाका डालने का काम कर रहे थे। इधर, वित्त सचिव दिलीप जावलकर के मुताबिक, उत्तराखंड में पेंशन में गड़बड़ी का यह मामला संज्ञान में आया है। इस प्रकरण की जांच कराई जाएगी। इस मामले की जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनसे रिकवरी कराते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।